रोहतक जिले के बलियाना गांव में रंजिश के चलते हुई पिता-पुत्र की हत्या का मामला अब एक नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक दीपक और उसके पिता धर्मबीर के कारण ही हत्या के आरोपी संजय को गांव छोड़कर जाना पड़ा था। इतना ही नहीं, संजय को अपनी किराना दुकान बेचकर सांपला शिफ्ट होना पड़ा था।
घटना का पूरा मामला
7 नवंबर की शाम बलियाना गांव में धर्मबीर पुत्र मीर सिंह और उसका बेटा दीपक अपने-अपने काम में व्यस्त थे। दीपक अपने दोस्तों के साथ चौकीदार की बैठक में मौजूद था, जबकि धर्मबीर घर पर अपने छोटे भाई के साथ था। उसी दौरान संजय और उसके साथियों ने चौकीदार की बैठक में पहुंचकर दीपक से उसके पिता का नाम पूछा और तुरंत छाती में गोली मार दी।
इसके बाद आरोपी घर पहुंचे और धर्मबीर को भी गोली मारकर हत्या कर दी।
2023 से चली आ रही रंजिश
गांववालों के मुताबिक, यह हत्या 2023 में हुई जगबीर की हत्या से जुड़ी हुई है। उस समय सचिन उर्फ सागर ने किराना दुकानदार जगबीर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद से जगबीर के परिवार को धर्मबीर और दीपक लगातार धमकियां दे रहे थे। डर के माहौल में जगबीर के भाई संजय को गांव छोड़कर सांपला जाना पड़ा।
धर्मबीर और दीपक के उत्पीड़न के कारण संजय ने अपनी दुकान भी बेच दी थी। गांव के लोग कहते हैं कि संजय ने बदला लेने के इरादे से दीपक और धर्मबीर की हत्या की साजिश रची।
स्मैक कारोबार से जुड़ा था मृतक दीपक
ग्रामीणों ने खुलासा किया कि मृतक दीपक का नाम स्मैक बेचने के मामलों में भी सामने आ चुका था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उस पर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज था। जिस चौकीदार की बैठक में उसकी हत्या हुई, उसके पास ही पहले संजय की किराना दुकान हुआ करती थी। दीपक कई बार संजय का रास्ता रोककर उसे धमकाता था, जिससे दोनों परिवारों के बीच दुश्मनी और बढ़ गई थी

श्मशान घाट से बढ़ी रंजिश की आग
जानकारी के अनुसार, जब जगबीर की हत्या के आरोपी सचिन उर्फ सागर को जेल से पैरोल पर छोड़ा गया और वह अपने पिता व भाई के अंतिम संस्कार में शामिल हुआ, तो उसने श्मशान घाट में ही बदला लेने की धमकी दी। उसने कहा था कि “ऐसा बदला लूंगा कि पूरा गांव देखेगा।”
अब दीपक और धर्मबीर की हत्या के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल है।
गांव में तनाव, लोग खामोश
ग्रामीण अब खुलकर कुछ नहीं बोल रहे हैं। धर्मबीर के घर पर ताला लगा हुआ है, और लोग दबी जुबान में डर जाहिर कर रहे हैं।
भाजपा नेता राजेश प्रधान ने कहा कि “दो साल पहले जगबीर की हत्या हुई थी और अब दीपक व धर्मबीर की हत्या बदले की कड़ी है। यह घटनाएं गांव के माहौल को बिगाड़ रही हैं। बदले कभी उतरते नहीं, बल्कि बदले चढ़ते हैं।”
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दोनों परिवारों के बीच समझौता और शांति बनाए रखने के लिए हस्तक्षेप किया जाए।
