रोहतक में आज (26 अक्टूबर) भारतीय जनता पार्टी की ओर से लाल नाथ हिंदू कॉलेज में आत्मनिर्भर भारत सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद अरुण सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया।
मनीष ग्रोवर ने बताया कि इस सम्मेलन में देश में बनने वाले उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे ताकि लोगों को ‘मेक इन इंडिया’ की दिशा में प्रेरित किया जा सके। उन्होंने कहा कि अमेरिका द्वारा लिए गए कुछ वैश्विक निर्णयों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बड़े कदम उठाए हैं। आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत देशभर में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनसे स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा मिले।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन में लगाए जाने वाले स्टॉल में देसी उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा, ताकि जनता में स्थानीय सामान खरीदने की भावना को बल मिले। सरकार की यह पहल न केवल छोटे उद्योगों को मजबूत करेगी बल्कि देश की आर्थिक स्थिति को भी सुदृढ़ बनाएगी।
इसके साथ ही मनीष ग्रोवर ने कहा कि केंद्र सरकार ने त्योहारों से पहले जीएसटी दरों में कटौती करके आम जनता को बड़ी राहत दी है। इसका असर बाजारों में देखने को मिला है, जहां त्योहारी सीजन में रौनक लौट आई है और व्यापारी वर्ग भी सरकार के इस निर्णय से खुश नजर आ रहा है।
