पंजाब के बरनाला जिले में बठिंडा रोड पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में हरियाणा के युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा जिम्मीदारा ढाबे के पास हुआ, जब एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी।
पंजाब के बरनाला जिले में बठिंडा रोड पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में हरियाणा के युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा जिम्मीदारा ढाबे के पास हुआ, जब एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान बीर सैन निवासी हिसार, हरियाणा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, बीर सैन अपने रिश्तेदारों से मिलने के लिए बरनाला के नानकसर नगर गया था। लौटते समय उसके साथ उसका साला अशोक कुमार भी था, जो अपनी कार में पीछे-पीछे आ रहा था।
अशोक कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि जैसे ही वे बठिंडा रोड पर जिम्मीदारा ढाबे के पास पहुंचे, पीछे से आ रही एक अनियंत्रित तेज रफ्तार गाड़ी ने बीर सैन की मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बीर सैन की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक वहां से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची रूड़ेके कलां पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भिजवाया।
एसएचओ गुरपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने अशोक कुमार के बयान के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम छा गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने और निगरानी बढ़ाने की मांग की है, क्योंकि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा और मृतक के परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
