हिसार में भाजपा के युवा और सक्रिय चेहरे रविंद्र रोकी को हिसार मार्केट कमेटी का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। प्रदेश सरकार की ओर से गुरुवार को इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई, जिसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय व्यापारियों में खुशी का माहौल है। लंबे समय से भाजपा संगठन में जिम्मेदार भूमिकाएं निभा रहे रविंद्र रोकी को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने बड़ा दायित्व सौंपा है।
रविंद्र रोकी ने चेयरमैन नियुक्त होने के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, संगठन और सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिस भरोसे के साथ यह जिम्मेदारी दी है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि मार्केट कमेटी और अनाज मंडी के विकास के लिए वे योजना बद्ध तरीके से काम करेंगे और सभी सदस्यों को साथ लेकर सामूहिक रूप से कमेटी को आगे बढ़ाएंगे।
अनिल कुमार को वाइस चेयरमैन नियुक्त किया गया
नव नियुक्त चेयरमैन रविंद्र रोकी ने जानकारी दी कि सरकार और संगठन ने अनिल कुमार को हिसार मार्केट कमेटी का वाइस चेयरमैन नियुक्त किया है। इसके साथ ही कई अन्य सदस्यों को कमेटी में शामिल किया गया है। इनमें मुकलान निवासी सुरेंद्र, मंगाली मोहब्बत निवासी पटेल पुनिया, नलवा निवासी कुलदीप वर्मा, गंगवा निवासी ओमप्रकाश, पातन निवासी नरेश सोनी, रावलवास निवासी विवेक शर्मा, स्याहड़वा निवासी डॉ. सुरेश, आर्यनगर निवासी संजय जांगड़ा, सरसाना निवासी सुरेंद्र, बाड्या ब्राह्मण निवासी प्रदीप, कालवास निवासी विष्णु, अनाज मंडी से अशोक कुमार, सुरेश, वेदप्रकाश, जसवंत सैनी, सुनील और नलवा निवासी कमल को सदस्य बनाया गया है।

रविंद्र रोकी ने कहा कि कमेटी के सभी सदस्यों के साथ बेहतर तालमेल बनाते हुए हिसार मंडी क्षेत्र के विकास में तेजी लाई जाएगी। अनाज मंडी और सब्जी मंडी दोनों ही स्थानों पर व्यापारियों की सहूलियत को प्राथमिकता दी जाएगी। सफाई व्यवस्था, ढांचागत विकास, पार्किंग और सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अनुभवी संगठनकर्ता हैं रविंद्र रोकी
रविंद्र रोकी लंबे समय से भाजपा संगठन में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाते रहे हैं और युवाओं में उनकी खास पकड़ मानी जाती है। वे भाजपा युवा मोर्चा में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रह चुके हैं। इसके अलावा वे युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष, स्वच्छ भारत मिशन के जिला संयोजक और भाजपा कार्यालय जिला प्रमुख का दायित्व भी संभाल चुके हैं। पार्टी के निष्ठावान और सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने लगातार संगठन को मजबूत करने में भूमिका निभाई है।
मंडी विकास को नई दिशा देने का संकल्प
नियुक्ति के बाद रविंद्र रोकी ने कहा कि हिसार की मार्केट कमेटी ना केवल किसानों और व्यापारियों का केंद्र है बल्कि क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए मंडी के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, व्यापारियों की समस्याओं को हल करना और मंडी को आधुनिक सुविधाओं से लैस करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने कहा कि अनाज मंडी में आने वाले किसानों के लिए सुविधाओं में सुधार किया जाएगा और मंडी प्रशासन को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के प्रयास किए जाएंगे। पार्टी नेतृत्व द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार हिसार अनाज मंडी के उत्थान के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
