पानीपत के हरिनगर कच्चा कैंप कॉलोनी में शराब ठेकेदार चरणजीत की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। चरणजीत ने इलाके में अवैध शराब बिक्री का विरोध किया था, जिससे विवाद बढ़ गया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में चार टीमें गठित की हैं।
पानीपत | पुराने औद्योगिक थाना क्षेत्र की हरिनगर कच्चा कैंप कॉलोनी में रविवार देर रात शराब ठेकेदार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। ठेकेदार ने इलाके में अवैध शराब बिक्री का विरोध किया था, जिसके चलते विवाद बढ़ गया।
जानकारी के अनुसार, सिद्धार्थ नगर निवासी चरणजीत कच्चा कैंप कॉलोनी में स्थित शराब ठेके का साझेदार था। कॉलोनी में अवैध शराब की बिक्री हो रही थी, जिसका चरणजीत ने विरोध किया था। इसी बात को लेकर उसका सचिन और मोंटी नामक दो भाइयों से झगड़ा हो गया। रविवार देर रात दोनों भाई चरणजीत से मिलने पहुंचे और बहस के दौरान चाकू से वार कर दिए।

घटना की खबर मिलते ही थाना पुलिस और डीएसपी सतीश वत्स मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सचिन और चरणजीत दोस्त थे, और दोनों में पहले से अच्छे संबंध थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आखिर विवाद किस कारण इतना बढ़ गया कि हत्या तक पहुंच गया।
डीएसपी सतीश वत्स ने बताया कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए थाना पुलिस व सीआईए की तीन टीमों को लगाया गया है। कई ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
