पानीपत:
पानीपत जिले के गांव नौल्था में मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ। एक गरीब परिवार के मकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में पूरा मकान जलकर राख हो गया। सौभाग्य से हादसे के समय घर में कोई मौजूद नहीं था।
गांववालों ने दी सूचना, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
ग्रामीणों के अनुसार, जब उन्होंने मकान से धुआं उठते देखा, तो तुरंत मकान मालिक के भाई को सूचना दी गई। उसके बाद पड़ोसी और परिवार की महिलाएं आग बुझाने का प्रयास करने लगीं, लेकिन मकान की जर्जर हालत के कारण ऊपर चढ़ना मुश्किल हो गया और सीढ़ियां टूटकर गिर गईं। कुछ देर में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

मकान मालिक मंदिर गया था, बच्चों के स्कूल में होने से टला बड़ा हादसा
मकान मालिक मुकेश कुमार ने बताया कि आग लगने के समय वह अपनी पत्नी के साथ मंदिर गए हुए थे, जबकि उनके दो छोटे बच्चे स्कूल में थे। उन्होंने बताया कि बिजली फिटिंग में शॉर्ट सर्किट से आग लगी, जिसने कुछ ही मिनटों में सब कुछ जला डाला।
सारा घरेलू सामान जलकर राख
आग की लपटों में घर का सारा सामान — डबल बेड, अलमारी, वाशिंग मशीन, पंखे और बर्तन तक — पूरी तरह जल गए। जब मुकेश को फोन पर सूचना मिली और वह घर पहुंचे, तब तक घर खंडहर में बदल चुका था।
गरीबी में बढ़ी मुसीबत
मुकेश कुमार दिहाड़ी मजदूर हैं और उनके पास सिर्फ दो बीघा जमीन है। उन्होंने बताया कि अब उनके पास पहनने के कपड़े और खाने के बर्तन तक नहीं बचे। परिवार के पास दो वक्त की रोटी जुटाना भी मुश्किल हो गया है।
