पानीपत के मॉडल टाउन थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर असंध नहर में एक नवजात बच्ची का शव बहता हुआ मिला। राहगीरों ने जब नजदीक जाकर देखा तो वह एक दिन की मासूम बच्ची थी।
सूचना मिलते ही मॉडल टाउन थाना पुलिस और जन सेवा दल की टीम मौके पर पहुंची। टीम के सदस्यों ने बच्ची को नहर से बाहर निकाला और उसे सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
जन सेवा दल के प्रमुख चमन लाल गुलाठी ने कहा कि किसी ने एक दिन की मासूम को जन्म देते ही नहर में फेंक दिया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि “अगर किसी को बच्ची को नहीं पालना था, तो वह हमें बता देता। हमारा दल ऐसे बच्चों की देखभाल के लिए हमेशा तैयार रहता है, लेकिन किसी ने उसे जिंदगी का मौका तक नहीं दिया।”

पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में अनुमान लगाया गया है कि बच्ची को जन्म के तुरंत बाद ही नहर में फेंका गया। पुलिस अब विभिन्न स्तरों पर जांच कर रही है।
जन सेवा दल के सदस्यों ने कहा कि यह घटना समाज के उस कटु चेहरे को उजागर करती है, जहां आज भी लड़की का जन्म अभिशाप समझा जाता है। एक दिन की यह बच्ची अब किसी की गोद में मुस्कराने के बजाय नहर की लहरों में समा गई।
