पानीपत शहर की मुख्य सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने सोमवार शाम को विशेष अभियान चलाया। निगम की टीम ने सनौली रोड पर फैले अवैध कब्जों को हटाते हुए कई दुकानदारों के चालान किए। इस दौरान कुछ जगहों पर विरोध भी देखने को मिला, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई शांतिपूर्वक पूरी हुई।
लंबे समय से सनौली रोड पर सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा रेहड़ी, फड़ और सामान रखे जाने से ट्रैफिक जाम की समस्या बनी हुई थी। आम नागरिकों की शिकायतों के बाद नगर निगम ने क्षेत्र का निरीक्षण किया और अतिक्रमण हटाने की योजना तैयार की। सोमवार को निगम की टीम ने मौके पर जाकर सख्त कार्रवाई की।
निगम एक्सईएन गोपाल कलावत ने बताया कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद कई दुकानदारों ने सड़क किनारे अपना सामान रखना बंद नहीं किया। इससे रोजाना लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि अब निगम ने सख्त रुख अपनाया है और किसी को भी सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

50 से अधिक दुकानों के काटे गए चालान
अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने 50 से अधिक दुकानदारों के चालान किए और करीब 10 दुकानों के आगे रखा सामान जब्त कर लिया। टीम ने आसपास की गलियों में भी निरीक्षण किया, जहां फुटपाथ और सड़क किनारे बनाए गए अस्थायी ढांचे हटाए गए।
निगम अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में मॉडल टाउन, असंध रोड और शिव चौक क्षेत्रों में भी इसी तरह के अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई केवल ट्रैफिक सुगम बनाने के लिए ही नहीं, बल्कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने के लिए भी आवश्यक है।
अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने व्यापारिक प्रतिष्ठानों के आगे सड़क या फुटपाथ पर सामान न रखें। यदि दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो जुर्माने की राशि बढ़ाई जाएगी और कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
