Wednesday, April 1, 2026
Homeजिला न्यूज़पानीपतपानीपत से बिहार चुनाव के लिए सैकड़ों प्रवासी मतदाता रवाना, भाजपा ने...

पानीपत से बिहार चुनाव के लिए सैकड़ों प्रवासी मतदाता रवाना, भाजपा ने दिलाए फ्री ट्रेन टिकट

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से पहले पानीपत रेलवे स्टेशन पर सोमवार को लोकतंत्र का उत्साह देखने को मिला। सैकड़ों प्रवासी मतदाता अपने गृह राज्य बिहार लौटे ताकि वे मतदान के अपने अधिकार का प्रयोग कर सकें। इन प्रवासियों के लिए भाजपा पदाधिकारियों ने फ्री जनरल टिकट की व्यवस्था की, जिससे सभी मतदाता बिना किसी परेशानी के मतदान स्थल तक पहुंच सकें।

दोपहर से ही रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, नगर निगम मेयर कोमल सैनी, भाजपा जिला संयोजक रोशन लाल और स्टेशन अधीक्षक रमेश चंद्र सहित कई अधिकारी और पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने यात्रियों को शुभकामनाएं दीं और उन्हें लोकतंत्र के इस महापर्व में शामिल होने के लिए प्रेरित किया। भाजपा नेताओं ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

लोकतंत्र का कर्तव्य निभाने की अपील

जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने कहा कि मतदान हर नागरिक का अधिकार और कर्तव्य दोनों है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए सभी को मतदान अवश्य करना चाहिए। भट्ट ने प्रवासियों की सराहना करते हुए कहा कि इतनी दूरी तय कर मतदान करने जाना लोकतांत्रिक जागरूकता की मिसाल है।

मेयर कोमल सैनी का बयान

मेयर कोमल सैनी ने बताया कि पहली ट्रेन से लगभग 200 से अधिक यात्री बिहार के लिए रवाना हुए। उन्होंने कहा कि पानीपत एक औद्योगिक शहर है, जहां हजारों की संख्या में बिहार से आए श्रमिक कार्यरत हैं। ऐसे में इन प्रवासियों का चुनाव में भाग लेना बेहद सराहनीय है। भाजपा संगठन ने समाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए इन मतदाताओं के लिए निशुल्क टिकट की व्यवस्था की है ताकि कोई भी मतदाता मतदान से वंचित न रह जाए।

स्टेशन पर रहा उत्साह का माहौल

भाजपा संयोजक रोशन लाल ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव सबसे बड़ा उत्सव है और मतदाता इसकी आत्मा हैं। उन्होंने कहा कि प्रवासियों का यह उत्साह लोकतंत्र के प्रति उनके समर्पण को दर्शाता है।
स्टेशन अधीक्षक रमेश चंद्र ने बताया कि सोमवार को दोपहर बाद बिहार के लिए पहली ट्रेन रवाना हुई, जबकि शाम तक कई और विशेष ट्रेनों के चलने की संभावना है। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक 550 से अधिक जनरल टिकट की बिक्री हुई। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों के चेहरों पर गांव लौटने की खुशी और मतदान का उत्साह साफ नजर आया।

Sonu Baali
Sonu Baalihttp://khasharyananews.com
संस्थापक, खास हरियाणा न्यूज़- हरियाणा की ज़मीन से जुड़ा एक निष्पक्ष और ज़मीनी पत्रकार। पिछले 6+ वर्षों से जनता की आवाज़ को बिना किसी एजेंडे के सामने लाने का प्रयास कर रहे हैं। देसी अंदाज़ और सच्ची पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। 🌐 khasharyana.com
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments