पानीपत डीसी वीरेंद्र दहिया ने गांव पट्टीकलियाना में किया रात्रि प्रवास, सुनीं 100 से अधिक समस्याएं
हरियाणा सरकार की सुशासन पहल के तहत पानीपत डीसी डॉ. वीरेंद्र दहिया ने समालखा के गांव पट्टीकलियाना में रात्रि प्रवास किया। उन्होंने ग्रामीणों की 100 से अधिक शिकायतें सुनीं और विकास कार्यों पर चर्चा की। कार्यक्रम में कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हरियाणा सरकार की सुशासन अवधारणा को जमीनी स्तर पर लागू करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से रात्रि प्रवास कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को समालखा खंड के गांव पट्टीकलियाना में पानीपत डीसी डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने रात्रि प्रवास किया।

कार्यक्रम के दौरान डीसी ने ग्रामीणों की 100 से अधिक समस्याएं सुनीं और विकास से संबंधित सुझाव प्राप्त किए। ग्राम पंचायत की ओर से सरपंच मुकेश कुमार ने डीसी का स्वागत किया और गांव की विभिन्न जरूरतों को लेकर एक मांग पत्र भी सौंपा।
डीसी वीरेंद्र दहिया ने कहा कि रात्रि प्रवास का उद्देश्य प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं को समझकर तत्काल समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने ग्रामीणों से एकजुट होकर विकास कार्यों में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
ग्रामीणों ने सड़क, जल निकासी, फसल बीमा, बिजली, आंगनवाड़ी भवन और पशु चिकित्सा केंद्र की स्थिति से जुड़ी समस्याएं रखीं। डीसी ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने हरियाणवी लोकगीतों और विकास गीतों के जरिए ग्रामीणों को स्वच्छता पखवाड़ा और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया, जिसमें ग्रामीणों ने रक्तचाप, शुगर और अन्य जांचें करवाईं।
कार्यक्रम में एसपी भूपेंद्र सिंह, सीईओ जिला परिषद डॉ. किरण सिंह, एसडीएम अमित कुमार, डीएसपी नरेंद्र कुमार, डीडीपीओ राजेश शर्मा और डीईटीसी वीरेंद्र ढुल सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
