पानीपत: हरियाणा के पानीपत में मंगलवार शाम काबड़ी रोड स्थित कंबल और बोरा बनाने की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग लगते ही फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। अंदर मौजूद कर्मचारियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्ट्री में आग आतिशबाजी की चिंगारी से लगी, जो धीरे-धीरे भड़कती चली गई। आग लगने के समय फैक्ट्री में करीब 30 से 40 कर्मचारी मौजूद थे, लेकिन सभी समय रहते बाहर निकल आए।

आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री में रखा कंबल और बोरा बनाने का सारा कच्चा माल और तैयार माल जलकर राख हो गया। फैक्ट्री से उठता काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। आसपास के लोगों ने भी आग बुझाने में मदद की, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर बुलाना पड़ा।
पुराना औद्योगिक थाना प्रभारी देवेंद्र अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत रेस्क्यू शुरू किया। फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
थाना प्रभारी देवेंद्र ने बताया कि गनीमत यह रही कि आग लगते समय सभी कर्मचारी फैक्ट्री में थे, लेकिन समय रहते बाहर निकलने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आतिशबाजी की चिंगारी से आग लगी थी। फैक्ट्री मालिक से नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आगे की कार्रवाई जारी है।
