पानीपत के आर्य पीजी कॉलेज में सोमवार से 69वीं राष्ट्रीय अंडर-19 कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। विभिन्न राज्यों से आए युवा पहलवानों ने अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों ने शपथ लेकर खेल भावना और निष्पक्ष मुकाबले का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री के भाई हरपाल ढांडा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उनके साथ जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा, खंड शिक्षा अधिकारी विक्रम सहरावत और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिता में हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों से खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। बालक और बालिका दोनों वर्गों में अलग-अलग भार वर्गों के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं।
बालक वर्ग के विजेता
70 किलोग्राम भार वर्ग में महाराष्ट्र के प्रनेश ने प्रथम स्थान हासिल किया। हरियाणा के दक्ष दूसरे स्थान पर, राजस्थान के अखिल तीसरे और उत्तर प्रदेश के रोहित यादव चौथे स्थान पर रहे।
86 किलोग्राम भार वर्ग में चंडीगढ़ के साकेत ने स्वर्ण पदक जीता, हरियाणा के सुमित को रजत, उत्तराखंड के उज्जवल राठी को कांस्य और दिल्ली के सचित को चौथा स्थान मिला।

बालिका वर्ग के विजेता
62 किलोग्राम भार वर्ग में हरियाणा की खुशबू ने स्वर्ण पदक जीता। पंजाब की अश्प्रीत को दूसरा, कर्नाटक की भुवनेश्वरी को तीसरा और राजस्थान की चंचल को चौथा स्थान मिला।
65 किलोग्राम भार वर्ग में हरियाणा की सोनल ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि दिल्ली की यशिता दूसरे, कर्नाटक की प्रतिक्षा तीसरे और राजस्थान की दीक्षा चौथे स्थान पर रहीं।
खिलाड़ियों ने दिखाया जोश
सोमवार को हुए मुकाबलों में पहलवानों ने अपने दांव-पेंच से दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। खेल प्रेमियों की भारी भीड़ ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि विजेता खिलाड़ियों का चयन आगे की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं और उन्हें राष्ट्रीय मंच पर आगे बढ़ने का अवसर देते हैं।
