पंचकूला: पंजाब के पूर्व DGP मोहम्मद मुस्तफा के बेटे अकील अख्तर की मौत का मामला अब और उलझता जा रहा है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि अकील के शरीर पर दाहिनी कोहनी से 7 सेंटीमीटर ऊपर एक सिरिंज का निशान मिला है।
हालांकि अकील के ड्रग्स एडिक्शन की बात पहले सामने आ चुकी थी, लेकिन इंजेक्शन के जरिए नशे का कोई ठोस सबूत अब तक नहीं मिला था।
रिपोर्ट में सिर्फ एक ही इंजेक्शन का निशान मिलना, मौत को संदिग्ध बनाता है।
मेडिकल एक्सपर्ट्स की राय
विशेषज्ञों का कहना है कि जो व्यक्ति इंजेक्शन से नशा करता है, उसके हाथों पर कई निशान होते हैं।
शुरुआत में व्यक्ति बाएं हाथ पर इंजेक्शन लगाता है, बाद में जब निशान बढ़ जाते हैं तो दाएं हाथ का उपयोग करता है।
अकील के हाथ पर सिर्फ एक निशान होना इस ओर इशारा करता है कि वह इंजेक्शन से नशे का आदी नहीं था।

16 अक्टूबर की रात — घर में बेसुध मिला था अकील
16 अक्टूबर की देर रात अकील अख्तर (35) पंचकूला सेक्टर-4 स्थित अपने घर में बेसुध मिला।
परिवार उसे तुरंत सेक्टर-6 अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार ने बताया कि वह दवाओं की ओवरडोज के कारण बेसुध हुआ होगा।
अकील को सहारनपुर के हरडा गांव में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
मौत के बाद उठे गंभीर आरोप
17 अक्टूबर को मलेरकोटला निवासी शमशुद्दीन ने पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी और प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ा खुलासा किया।
उन्होंने बताया कि अकील ने 27 अगस्त को एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उसने अपने पिता पूर्व DGP मोहम्मद मुस्तफा पर अपनी पत्नी से अवैध संबंध होने और हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया था।
20 अक्टूबर की रात मनसा देवी थाना पुलिस ने हत्या और आपराधिक साजिश का केस दर्ज किया।
FIR में पूर्व DGP मुस्तफा, उनकी पत्नी और पूर्व मंत्री रजिया सुल्ताना, अकील की बहन और पत्नी को नामजद किया गया।
SIT गठित, जांच जारी
ACP विक्रम नेहरा के नेतृत्व में SIT गठित की गई, जिसमें इंस्पेक्टर पृथ्वी, PSI पूजा, SI प्रकाश और साइबर एक्सपर्ट PSI रामास्वामी शामिल हैं।
21 अक्टूबर को शिकायतकर्ता शमशुद्दीन से कई घंटे तक पूछताछ की गई।
उन्होंने बताया कि वह रजिया सुल्ताना के मायके मलेरकोटला के पड़ोसी हैं और परिवार को लंबे समय से जानते हैं।
पुलिस जांच पर उठ रहे सवाल
- पूर्व DGP के घर की सर्च अब तक नहीं हुई:
पुलिस ने मुस्तफा से संपर्क तो किया, लेकिन उन्होंने खुद को सहारनपुर में बताया। पंचकूला लौटने पर ही सर्च की बात कही जा रही है। - वीडियो में बताई डायरी अभी तक बरामद नहीं:
अकील ने वीडियो में एक डायरी का जिक्र किया था, जो जांच का अहम सबूत हो सकती है। लेकिन अभी तक वह बरामद नहीं हुई। - घटना वाले दिन घर में क्या हुआ, स्पष्ट नहीं:
घर के बाहर पंजाब पुलिस के जवान तैनात थे, लेकिन घर के अंदर हुई घटनाओं की कोई जानकारी नहीं है।
पूर्व DGP मोहम्मद मुस्तफा और परिवार के बारे में जानिए
- मुस्तफा 1985 बैच के IPS अधिकारी रहे हैं।
- वह पंजाब के पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह के करीबी माने जाते थे।
- DGP न बनाए जाने पर उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
- 2021 में रिटायरमेंट के बाद राजनीति में सक्रिय हो गए और नवजोत सिद्धू के सलाहकार बने।
उनकी पत्नी रजिया सुल्ताना कांग्रेस सरकार में मंत्री रह चुकी हैं।
वह 2002, 2007 और 2017 में विधायक बनीं और PWD मंत्री रहीं।
2022 में वह आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार से चुनाव हार गईं।
मुस्तफा की पुत्रवधू पंजाब वक्फ बोर्ड की पूर्व चेयरपर्सन रह चुकी हैं।
उनकी नियुक्ति भी राजनीतिक विवादों में रही थी।
