पानीपत सीआईए-2 पुलिस ने मतलौडा में तिरंगा यात्रा के दौरान जेब काटने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 30 हजार रुपए बरामद हुए हैं। उन्होंने 66 हजार रुपए की जेबकट की वारदात को अंजाम दिया था।
पानीपत: जिले की सीआईए-2 पुलिस ने मतलौडा में आयोजित हर घर तिरंगा यात्रा के दौरान जेब काटने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गुरुवार शाम पानीपत अनाज मंडी मोड़ से पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करनाल के सदर बाजार निवासी संजय उर्फ संजू और पानीपत के कलंदर चौक निवासी मनीष के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से 30 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं।
पूछताछ में हुए बड़े खुलासे
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पहले गिरफ्तार हुए रोहतक की कच्ची गढ़ी के संजय उर्फ बंटी के साथ मिलकर मतलौडा की तिरंगा यात्रा के दौरान लोगों की जेब से करीब 66 हजार रुपए निकाले थे।

सीआईए-2 प्रभारी सुमित ने बताया कि इस रकम में से आरोपियों के हिस्से में 44 हजार रुपए आए थे। उन्होंने कुछ रकम खर्च कर दी, जबकि 30 हजार रुपए पुलिस ने बरामद कर लिए हैं।
पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर कार्रवाई
इस मामले में मतलौडा गांव के विनोद पुत्र ज्योति प्रसाद ने शिकायत दर्ज कराई थी। विनोद ने बताया कि उनकी मतलौडा बाजार में हार्डवेयर की दुकान है। 12 अगस्त को तिरंगा यात्रा के दौरान जब वे अपने साथी दुकानदारों रविंद्र जैन, श्यामलाल, धर्मपाल, रविंद्र, पंकज और सुमेर सिंह के साथ शामिल थे, तभी अज्ञात लोगों ने उनकी जेब से पैसे निकाल लिए।
पहले एक आरोपी जेल भेजा जा चुका
सीआईए-2 प्रभारी ने बताया कि इससे पहले गिरफ्तार किए गए संजय उर्फ बंटी के कब्जे से पुलिस ने 10 हजार रुपए बरामद किए थे और उसे जेल भेजा जा चुका है।
वहीं, ताज़ा गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
