गुरुग्राम के मानेसर में देर रात हुआ हादसा, कानपुर निवासी अजीत की मौके पर मौत — हाई टेंशन तारों की लापरवाही पर उठे सवाल।
गुरुग्राम के मानेसर में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अजीत के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कानपुर देहात का रहने वाला था। वह अपनी चचेरी बहन गीता के साथ मानेसर में किराए के मकान में रहकर मेहनत-मजदूरी करता था।
जानकारी के मुताबिक, रात के समय अजीत लोहे की चारपाई लेकर अपने मकान की छत से नीचे उतर रहा था। इसी दौरान चारपाई गलती से 11 हजार वोल्ट की हाई टेंशन लाइन से टकरा गई। तेज करंट लगने से अजीत की मौके पर ही मौत हो गई और चारपाई में आग लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतना भयावह था कि अजीत के शरीर में भी आग लग गई। आसपास के लोगों ने बिजली विभाग को तुरंत सूचना दी, जिसके बाद बिजली की सप्लाई बंद करवाई गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
अजीत अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। परिवार उसकी शादी की तैयारी कर रहा था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

बहन ने बताई दर्दनाक कहानी:
गीता ने बताया कि उनका पंखा खराब हो गया था, इसलिए वे रात में छत पर सोने चली गई थीं। आधी रात को ठंड लगने लगी तो अजीत ने कहा कि नीचे चलो। वह फोल्डिंग चारपाई लेकर नीचे उतर रहा था, तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ। बाहर निकली तो देखा — चारपाई और अजीत दोनों आग की लपटों में थे।
उसने चिल्लाकर मदद मांगी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पड़ोसियों ने लकड़ी की मदद से चारपाई को तारों से अलग किया, मगर अजीत ने वहीं दम तोड़ दिया।स्थानीय लोगों का आरोप:
स्थानीय निवासियों ने बताया कि क्षेत्र में कई जगह बिजली की तारें असुरक्षित तरीके से लटकी हुई हैं, जिससे खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सभी हाई टेंशन तारों को सुरक्षित ऊँचाई पर शिफ्ट किया जाए और बिजली विभाग पर कार्रवाई की जाए।
पुलिस जांच में जुटी:
जांच अधिकारी रनवीर सिंह ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि की जाएगी। बिजली विभाग से भी इस हादसे को लेकर रिपोर्ट मांगी गई है।
