Wednesday, April 1, 2026
Homeअपराधलिफ्ट लेकर लूट करने वाला गैंग एक्सपोज, तीसरा आरोपी दीपक गिरफ्तार; इंस्टा...

लिफ्ट लेकर लूट करने वाला गैंग एक्सपोज, तीसरा आरोपी दीपक गिरफ्तार; इंस्टा फ्रेंड रिक्वेस्ट से रची गई थी साजिश

कुरुक्षेत्र पुलिस ने ऑपरेशन ‘ट्रैक डाउन’ के तहत एक बड़े लूट गिरोह के तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरोह लिफ्ट के बहाने लोगों को अपने जाल में फँसाकर उनसे मारपीट कर लूटपाट करता था। ताजा गिरफ्तारी आरोपी दीपक, निवासी खरक पांडवा (जिला कैथल) की हुई है। इससे पहले पुलिस दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें से एक महिला भी शामिल है। पुलिस गिरोह के बाकी सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

इंस्टाग्राम पर जान-पहचान से शुरू हुई साजिश

अंबाला के कैलाश नगर निवासी हेमंत कुमार ने 17 अगस्त को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उनके मुताबिक, 30 जुलाई की शाम करीब 5 बजे उन्हें एक लड़की का कॉल आया। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह लड़की इंस्टाग्राम के जरिए उनके संपर्क में आई थी, इसलिए वह उसे जानता था।

लड़की ने कहा कि वह अंबाला के कालका चौक पर खड़ी है और इस्माइलाबाद जाने के लिए लिफ्ट चाहिए। शुरू में हेमंत ने मना कर दिया, लेकिन लड़की के लगातार रिक्वेस्ट करने पर वह बाइक लेकर उसे लेने पहुंच गया।

लड़की के साथ एक और महिला भी थी मौजूद

जब हेमंत कालका चौक पहुंचा, तो वहां लड़की के साथ एक अन्य महिला भी खड़ी थी। दोनों को लेकर वह इस्माइलाबाद की तरफ रवाना हो गया। सबकुछ सामान्य दिख रहा था, लेकिन आगे चलकर यह एक बड़ी साजिश साबित हुई।

टॉयलेट का बहाना बनाकर रुकवाई बाइक

इस्माइलाबाद टोल से थोड़ा आगे पहुंचने पर लड़की ने अचानक टॉयलेट जाने का बहाना बनाकर बाइक रुकवाने को कहा। जैसे ही हेमंत ने बाइक रोकी, पीछे से एक गाड़ी तेज़ी से पहुंची और उसमें से चार लोग उतरे। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, उन्होंने उसे जबरदस्ती गाड़ी में बैठा लिया।

65 हजार रुपए जबरन UPI से ट्रांसफर करवाए

आरोपियों ने गाड़ी में ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे पिहोवा–कैथल रोड की ओर ले गए। लगातार धमकियों और मारपीट के बीच उससे 65 हजार रुपए UPI के जरिए अपने खाते में ट्रांसफर करवाए। लूट के बाद आरोपी उसे सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस ने शुरू किया ऑपरेशन ‘ट्रैक डाउन’

शिकायत मिलने के बाद इस्माइलाबाद थाना पुलिस ने केस दर्ज किया और जांच CIA-1 को सौंपी। टीम ने 26 अगस्त को पहली आरोपी, नरवाना निवासी एक महिला को गिरफ्तार किया। इस महिला ने पूछताछ में लूट गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम उजागर किए।

दूसरा आरोपी अशोक पकड़ा गया

महिला की निशानदेही पर CIA-1 की टीम ने 12 सितंबर को दूसरे आरोपी अशोक कुमार, निवासी बालू (जिला कैथल), को गिरफ्तार किया। अशोक पर पहले से कई आपराधिक मामलों में संलिप्त होने का संदेह है।

अब तीसरा आरोपी दीपक गिरफ्तार

CIA-1 के इंचार्ज सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर तीसरे आरोपी दीपक को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ जारी है, जिससे गिरोह के बाकी सदस्यों और अन्य वारदातों का पता लगाया जा रहा है।

Sonu Baali
Sonu Baalihttp://khasharyananews.com
संस्थापक, खास हरियाणा न्यूज़- हरियाणा की ज़मीन से जुड़ा एक निष्पक्ष और ज़मीनी पत्रकार। पिछले 6+ वर्षों से जनता की आवाज़ को बिना किसी एजेंडे के सामने लाने का प्रयास कर रहे हैं। देसी अंदाज़ और सच्ची पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। 🌐 khasharyana.com
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments