कैथल जिले में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर एक बड़े फ्रॉड की घटना सामने आई है, जिसमें अज्ञात आरोपी ने हैफेड के एक कंप्यूटर ऑपरेटर से 79 लाख 29 हजार 369 रुपए ठग लिए। आरोपी ने उसे इन्वेस्टमेंट का झांसा देकर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया, लेकिन जब पीड़ित ने अपने वर्चुअल वॉलेट से रकम निकालने की कोशिश की तो पैसे नहीं निकले। इस मामले में पीड़ित ने साइबर थाना में शिकायत दी है और पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वॉट्सऐप के माध्यम से संपर्क
गांव साकरा के दर्शन सिंह ने बताया कि वह हैफेड में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं। 11 सितंबर को उनके मोबाइल पर वॉट्सऐप मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने अपना नाम चंद्रिका बताया और उसे पार्ट-टाइम काम ऑफर किया। इसके तहत उसे विभिन्न होटल और वेबसाइट पर रिव्यू देने के लिए कहा गया और रिव्यू के स्क्रीनशॉट टेलीग्राम आईडी @KHFGDGKH पर भेजने को कहा गया।
कमीशन पाने के लिए अकाउंट नंबर मांगा गया
दर्शन सिंह ने रिव्यू देकर स्क्रीनशॉट भेजा। इसके बाद टेलीग्राम यूजर ने उसके बैंक अकाउंट नंबर की मांग की, ताकि कमीशन भेजा जा सके। पहले 120 रुपए उसके खाते में आ गए। इसी प्रक्रिया में आरोपी ने उसे और पैसे कमाने का लालच दिया और वर्चुअल वॉलेट बनाने के लिए प्रेरित किया।
79 लाख 29 हजार रुपए की ठगी
अधिक मुनाफे का लालच देकर आरोपी ने दर्शन सिंह से 79 लाख 29 हजार 369 रुपए इन्वेस्ट करवाए। इसके बाद आरोपी और अधिक प्रॉफिट का झांसा देकर और रकम मांगते रहे। जब दर्शन सिंह ने अपने वर्चुअल वॉलेट से पैसे निकालने की कोशिश की, तो उन्हें कोई राशि नहीं मिली। इसके बाद आरोपी बहाने बनाकर और रकम की मांग करने लगे, जिससे पीड़ित को धोखाधड़ी का पता चला।

इस तरह अज्ञात आरोपी ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर बड़ी ठगी कर ली।
साइबर थाना ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
साइबर थाना के एसएचओ सुभ्रांशु ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की पूरी तरह जांच कर रही है और सभी डिजिटल सबूतों का विश्लेषण किया जा रहा है। जांच के आधार पर जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा और सावधानी के लिए पुलिस की चेतावनी
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि ऑनलाइन ट्रेडिंग, वर्चुअल वॉलेट और अज्ञात व्यक्तियों द्वारा दिए गए निवेश के ऑफर्स के मामले में अत्यंत सतर्क रहें। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि को तुरंत साइबर पुलिस को रिपोर्ट करें।
विशेष रूप से, ऐसे ऑफर्स जो “मोटा मुनाफा” देने का दावा करते हैं, आमतौर पर धोखाधड़ी वाले होते हैं। लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे अपने बैंक डिटेल्स, वर्चुअल वॉलेट और पासवर्ड किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करें।
