मनोहर लाल खट्टर पर हमला, कहा— बाबा साहेब का अपमान असहनीय
कैथल (हरियाणा): कैथल से सांसद जयप्रकाश (जेपी) ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा संविधान निर्माण को लेकर दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। सांसद जयप्रकाश ने सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी कर कहा कि केंद्रीय मंत्री का यह बयान — “अकेले बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान नहीं लिखा” — बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है।
सांसद जयप्रकाश ने कहा कि यह बयान न केवल संविधान निर्माता बाबा साहेब के योगदान का अपमान है, बल्कि देश के दलित, पिछड़े और वंचित समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला भी है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने भारत को केवल संविधान ही नहीं दिया, बल्कि समानता, न्याय और अधिकारों की नींव रखी।

जेपी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि — “ऐसे महापुरुषों के योगदान पर सवाल उठाना संविधान और लोकतंत्र की आत्मा पर हमला है।” उन्होंने कहा कि हम बाबा साहेब के विचारों और आदर्शों के प्रति पूरी तरह समर्पित हैं और ऐसे निंदनीय बयानों की कड़ी निंदा करते हैं। सांसद ने कहा कि इस तरह के बयान किसी बड़े मंत्री को शोभा नहीं देते।
बता दें कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने चार दिन पहले फरीदाबाद में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि संविधान केवल एक व्यक्ति ने नहीं लिखा था। इसके लिए एक समिति बनाई गई थी, जिसके चेयरमैन डॉ. भीमराव अंबेडकर थे। संविधान सभा ने मिलकर इसे लिखा था।
