कैथल में युवक को विदेश भेजने के नाम पर रुपए हड़पने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक युवक को कनाडा भेजने का झांसा देकर 6 लाख 77 हजार रुपए ठग लिए। पकड़े गए आरोपी की पहचान राम वर्मा उर्फ राहुल, निवासी अर्जुन नगर कैथल, हाल निवासी नागलोई दिल्ली के रूप में हुई है।
गांव सिसाय जिला हिसार निवासी जगदीश ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2022 की शुरुआत में उसकी मुलाकात हांसी बस स्टैंड के पास चाय की दुकान पर राम वर्मा से हुई थी। राहुल ने खुद को विदेश में नौकरी दिलाने वाला एजेंट बताया और कहा कि वह शाह टूर ट्रेवल्स नाम से पुराना बस स्टैंड कैथल के पास ऑफिस चलाता है।

राहुल ने भरोसा दिलाया कि वह उसके बेटे को कनाडा की बैरी हिल फार्म कंपनी में नौकरी दिला सकता है और इसके लिए 10 लाख रुपए मांगे। पीड़ित ने उस पर भरोसा कर 6 लाख 77 हजार रुपए दे दिए। आरोपी ने पहले वीजा फाइल दिखाने और कनाडा भेजने का वादा किया, लेकिन बाद में टालमटोल करने लगा।
जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने वीजा प्रक्रिया में देरी का बहाना बनाया और कुछ समय बाद मोबाइल नंबर बंद कर लिया। कई बार संपर्क करने की कोशिशों के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला।
मामले की शिकायत पर थाना सिविल लाइन कैथल में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया और उससे व्यापक पूछताछ के लिए 2 दिन का रिमांड हासिल किया है।
