Wednesday, April 1, 2026
Homeजिला न्यूज़शहीद अमरजीत नैन का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ, जम्मू-कश्मीर के...

शहीद अमरजीत नैन का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ, जम्मू-कश्मीर के पुंछ में हादसे में हुई थी मौ*त

हरियाणा के जींद जिले के जाजनवाला गांव के रहने वाले आर्मी जवान अमरजीत नैन का मंगलवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके चचेरे भाई सुशील ने उन्हें मुखाग्नि दी। गांव में जब उनका पार्थिव शरीर पहुंचा तो माहौल गमगीन हो गया।

अमरजीत की ड्यूटी जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में थी। सोमवार को वे अपनी सर्विस राइफल की सफाई कर रहे थे, तभी दुर्घटनावश गोली चलने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

11 मार्च 1996 को जन्मे अमरजीत नैन ने 12वीं पास करने के बाद आईटीआई की पढ़ाई की थी। एनसीसी कैडर से वर्ष 2015 में सेना में भर्ती हुए थे। वर्तमान में वे 7 जाट बटालियन में पोस्ट नायक के पद पर तैनात थे और पिछले एक साल से पुंछ में सेवा दे रहे थे।

परिवार के अनुसार, अमरजीत के पिता रमेश कुमार किसान हैं। उनके दो भाई और एक बहन है। बहन कविता की शादी हो चुकी है, जबकि भाई बलिंद्र प्राइवेट अस्पताल में नौकरी करते हैं। अमरजीत परिवार में सबसे छोटे थे।

करीब दो साल पहले उनकी शादी हिसार की प्रियंका से हुई थी। प्रियंका गृहिणी हैं और उनकी सात महीने की बेटी है। अमरजीत कुछ समय पहले ही एक दिन के लिए घर आए थे और परिवार के साथ समय बिताया था।

उनके ताऊ के बेटे टेकराम ने बताया कि अमरजीत कहा करते थे — “जब भी लौटूंगा, तिरंगे में लिपट कर ही आऊंगा।” यह बात याद करते हुए परिजन भावुक हो गए।

जाजनवाला गांव से एक साल के भीतर यह दूसरी शहादत है। इससे पहले जवान प्रदीप नैन भी जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकवादियों से मुठभेड़ में शहीद हो गए थे।

अमरजीत की मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। अंतिम यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए और “भारत माता की जय” व “अमर शहीद अमर रहे” के नारे गूंज उठे।

Sonu Baali
Sonu Baalihttp://khasharyananews.com
संस्थापक, खास हरियाणा न्यूज़- हरियाणा की ज़मीन से जुड़ा एक निष्पक्ष और ज़मीनी पत्रकार। पिछले 6+ वर्षों से जनता की आवाज़ को बिना किसी एजेंडे के सामने लाने का प्रयास कर रहे हैं। देसी अंदाज़ और सच्ची पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। 🌐 khasharyana.com
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments