जींद जिले के जुलाना क्षेत्र में एनएच-352 पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब युवक की कार एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।
मृतक की पहचान गगनदीप (22) निवासी जींद के रूप में हुई है। गगनदीप खरखौदा में फास्ट फूड कैफे चलाता था और बुधवार शाम अपनी कार से जींद लौट रहा था। जैसे ही वह सुंदर ब्रांच नहर के पास पहुंचा, उसकी कार सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और गगनदीप की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही गतौली चौकी प्रभारी संदीप कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घायल युवक को सामान्य अस्पताल जींद पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। चौकी इंचार्ज संदीप कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर ड्राइवर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली गलत दिशा से तो नहीं आ रही थी।
यह हादसा एक बार फिर NH-352 पर सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर गया है। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेत लगाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।
