हरियाणा में IPS वाई पूरन कुमार और ASI संदीप लाठर सुसाइड केस में नया मोड़ — सामने आया CCTV फुटेज जिसमें हिमाचली टोपी में दिखा आईजी का गनमैन सुशील कुमार। फुटेज शराब कारोबारी प्रवीन बंसल के ऑफिस की बताई जा रही है। जांच में कई नए सवाल खड़े।
हरियाणा में पहले सीनियर IPS वाई पूरन कुमार का सुसाइड, फिर रोहतक के साइबर सेल में तैनात ASI संदीप लाठर का सुसाइड — दोनों मामलों में रोजाना नए खुलासे सामने आ रहे हैं। अब एक CCTV फुटेज सामने आया है, जिसने इन दोनों मौतों की गुत्थी को और उलझा दिया है।

CCTV फुटेज में कौन दिखा?
यह CCTV शराब कारोबारी प्रवीन बंसल के ऑफिस की बताई जा रही है। इसमें हिमाचली टोपी पहने एक व्यक्ति ऑफिस में दाखिल होता दिखाई देता है। कुछ देर बाद ऑफिस के केबिन से एक व्यक्ति बाहर निकलता है और उसे अंदर ले जाता है। कहा जा रहा है कि यह व्यक्ति आईपीएस वाई पूरन कुमार के गनमैन सुशील कुमार हैं।
मामला कैसे शुरू हुआ?
इसी कारोबारी प्रवीन बंसल की शिकायत पर 6 अक्टूबर को सुशील कुमार के खिलाफ ढाई लाख रुपए मंथली मांगने का केस दर्ज किया गया था। शिकायत के साथ यह CCTV फुटेज भी पुलिस को सौंपी गई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि सुशील कुमार ने कहा कि यह रकम आईजी पूरन कुमार को देनी है।
FIR और सुसाइड की कड़ी
6 अक्टूबर को रोहतक के अर्बन एस्टेट थाने में FIR नंबर 319 दर्ज की गई।
इसके अगले ही दिन यानी 7 अक्टूबर को IPS वाई पूरन कुमार ने चंडीगढ़ आवास पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
सुसाइड नोट में उन्होंने लिखा कि उन्हें झूठे आरोपों से अपमानित किया जा रहा है।
संदीप लाठर की भूमिका
सुशील कुमार की गिरफ्तारी करने वाली टीम में रोहतक साइबर सेल के ASI संदीप लाठर भी शामिल थे।
IPS पूरन कुमार के सुसाइड के बाद चंडीगढ़ पुलिस की SIT ने इस टीम से पूछताछ की थी।
14 अक्टूबर को ASI संदीप लाठर ने भी अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली।
सुसाइड से पहले उन्होंने 4 पेज का सुसाइड नोट और एक वीडियो रिकॉर्डिंग छोड़ी थी, जिसमें उन्होंने वाई पूरन कुमार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए।
हरियाणा में IPS वाई पूरन कुमार और ASI संदीप लाठर सुसाइड केस में नया मोड़ — सामने आया CCTV फुटेज जिसमें हिमाचली टोपी में दिखा आईजी का गनमैन सुशील कुमार। फुटेज शराब कारोबारी प्रवीन बंसल के ऑफिस की बताई जा रही है। जांच में कई नए सवाल खड़े।
लाठर केस में FIR
संदीप लाठर की पत्नी संतोष की शिकायत पर IPS पूरन कुमार की IAS पत्नी अमनीत पी. कुमार, उनके साले व आम आदमी पार्टी के विधायक अमित रतन, गनमैन सुशील कुमार और एक अन्य पुलिसकर्मी पर आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में केस दर्ज किया गया।
हालांकि FIR की कॉपी अब तक सार्वजनिक नहीं हुई है।
SIT अभी तक नहीं बनी
IPS पूरन कुमार सुसाइड केस की जांच चंडीगढ़ पुलिस की SIT कर रही है,
लेकिन ASI संदीप लाठर केस में अब तक कोई SIT गठित नहीं की गई है।
सदर थाना एसएचओ सुरेंद्र कुमार के मुताबिक, पुलिस मामले में जांच कर रही है और जरूरत पड़ने पर सुशील को प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा।
