हिसार की आजाद नगर थाना पुलिस ने गीता कॉलोनी में हुई बड़ी चोरी का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 5 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं।
हिसार की आजाद नगर थाना पुलिस ने गीता कॉलोनी स्थित एक घर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजीव नगर निवासी जोगिंदर उर्फ जोनी और महेंद्र कॉलोनी निवासी टिंकू उर्फ काकू के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के कब्जे से करीब 5 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।

थाना प्रभारी निरीक्षक दलबीर सिंह ने बताया कि गीता कॉलोनी निवासी आशुतोष ने 11 अक्टूबर को शिकायत दी थी कि 10 अक्टूबर की रात वह फिल्म देखने गया था। जब वह देर रात करीब 3 बजे घर लौटा तो ताला टूटा हुआ मिला और सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तफ्तीश के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया। जांच में सामने आया कि दोनों के खिलाफ पहले से भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी जोगिंदर उर्फ जोनी को कोर्ट में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि टिंकू उर्फ काकू को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
