हरियाणा के हिसार जिले की टीना शर्मा अब टीवी के चर्चित क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) में नजर आने वाली हैं। वह शो के होस्ट अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठकर सवालों के जवाब देंगी।
टीना का एपिसोड 21 अक्टूबर की रात 9 बजे प्रसारित होगा।
टीना करीब एक हजार प्रतिभागियों में से चयनित हुई हैं। वह मूल रूप से हिसार के उकलाना मंडी की रहने वाली हैं। करीब तीन महीने पहले उनकी शादी पंजाब के कपूरथला निवासी गौरव शर्मा से हुई थी। शादी के बाद वह अपने पति के साथ दिल्ली में रह रही हैं। गौरव एक आईटी कंपनी के मालिक हैं।
पति ने बताई सिलेक्शन की कहानी
शादी से पहले अप्लाई किया, शादी के बाद सिलेक्शन:
टीना शर्मा के पति गौरव ने बताया कि शादी से पहले उनकी पत्नी ने KBC में अप्लाई किया था। जुलाई में उनकी शादी हुई और सितंबर में केबीसी की टीम का फोन आया।
एक हजार में से 50 लोगों का सिलेक्शन हुआ:
गौरव ने बताया कि 1000 प्रतिभागियों में से 50 लोगों को शो के लिए चुना गया। उनमें से एक टीना भी थीं। शूटिंग के लिए वे मां और पति के साथ मुंबई गईं।
शादी से पहले टीचर थीं टीना:
टीना ने डबल एमए किया हुआ है और शादी से पहले उकलाना मंडी के लोटस इंटरनेशनल स्कूल में टीचर थीं।

टीना शर्मा बोलीं – “KBC में जाना सपना था”
टीना ने बताया कि कौन बनेगा करोड़पति में खेलना उनका बचपन का सपना था।
वह बचपन से ही KBC देखती थीं और हमेशा सोचती थीं कि एक दिन वे भी महानायक अमिताभ बच्चन से आमने-सामने बैठकर सवालों के जवाब देंगी।
टीना ने बताया कि उन्होंने पहली बार ही ऑनलाइन आवेदन किया था और पहले ही प्रयास में हॉट सीट तक पहुंच गईं।
हालांकि उन्होंने अभी यह नहीं बताया कि उन्होंने शो में कितनी रकम जीती।
उनकी सफलता की खबर से उकलाना क्षेत्र में खुशी की लहर है। परिजन और रिश्तेदार अब 21 अक्टूबर की रात एपिसोड के प्रसारण का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
