हिसार जिले के नारनौंद क्षेत्र के गांव लोहारी राघो में एक छात्र ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गया। साइबर अपराधियों ने उसे ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर 2.59 लाख रुपए का चूना लगा दिया। पीड़ित छात्र विशाल कुमार ने इस संबंध में साइबर थाना हांसी में शिकायत दर्ज कराई है।
गांव लोहारी राघो निवासी विशाल कुमार ने बताया कि वह पढ़ाई करता है। अगस्त 2025 में उसकी टेलीग्राम ऐप पर एक व्यक्ति से बातचीत हुई थी। उस व्यक्ति ने खुद को ऑनलाइन ट्रेडिंग से जुड़ा बताते हुए निवेश कर घर बैठे पैसे कमाने का झांसा दिया। शुरुआत में विशाल ने छोटे निवेश से शुरुआत की और कुछ मुनाफा भी मिला। इससे उसका भरोसा बढ़ गया।
इसके बाद ठग ने ज्यादा पैसे लगाने पर अधिक मुनाफा मिलने का लालच दिया। ठग की बातों में आकर विशाल ने अपने पंजाब नेशनल बैंक के खाते से 10, 11 और 12 अगस्त को तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 2 लाख 59 हजार रुपए संबंधित व्यक्ति की UPI आईडी पर ट्रांसफर कर दिए। लेकिन जैसे ही पैसा भेजा गया, उसका ट्रेडिंग अकाउंट बंद हो गया और ठग ने सभी संपर्क तोड़ दिए।

जब कई बार संदेश भेजने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला, तो विशाल को एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका है। उसने 13 अगस्त को ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसके बाद अब साइबर थाना हांसी में औपचारिक शिकायत दी है।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच की जिम्मेदारी एएसआई सुरेंद्र को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि ठग की पहचान के लिए डिजिटल ट्रांजेक्शन और UPI आईडी की तकनीकी जांच की जा रही है।
साइबर पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति या ऐप पर निवेश करने से पहले उसकी विश्वसनीयता की जांच अवश्य करें।
