नगर निगम मेयर प्रवीण पोपली गुरुवार को एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने निगम कार्यालय की जन्म-मृत्यु शाखा और प्रॉपर्टी टैक्स ब्रांच का औचक निरीक्षण किया।
कर्मचारियों ने बताया कि जन्म-मृत्यु शाखा में वर्तमान में कोई भी फाइल आरटीएस समय सीमा से बाहर नहीं है। हालांकि, 25 सितंबर 2025 से अब तक 624 सुधार से जुड़ी फाइलें, 1135 एनएसी फाइलें, और 1387 नाम दर्ज कराने से संबंधित फाइलें लंबित हैं। इसके अलावा, 22 फाइलों पर कार्य जारी है।
मेयर ने दिए सख्त निर्देश
मेयर प्रवीण पोपली ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पिछले निरीक्षण की रिपोर्ट की तुलना में नई रिपोर्ट तैयार कर सोमवार तक कार्यालय में भेजी जाए। उन्होंने कहा कि सभी लंबित फाइलों का जल्द से जल्द निपटान होना चाहिए ताकि नागरिकों को समय पर सेवा मिल सके।
प्रॉपर्टी टैक्स शाखा में भी समीक्षा

निरीक्षण के दौरान मेयर ने प्रॉपर्टी टैक्स शाखा का भी जायजा लिया। उन्होंने टैक्स से जुड़ी त्रुटियों को जल्द सुधारने और लाल डोरा क्षेत्र में स्वामित्व योजना के तहत पात्र नागरिकों को शीघ्र स्वामित्व प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
मेयर ने कहा कि स्वामित्व योजना हरियाणा सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जो लाल डोरे में वर्षों से रह रहे लोगों को मालिकाना हक देने का माध्यम है। यह योजना नागरिकों को उनके घरों पर कानूनी स्वामित्व प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।
शिकायतों पर की गई कार्रवाई
मेयर पोपली ने बताया कि उनके पास लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और प्रॉपर्टी टैक्स शाखा में फाइलों को जानबूझकर लटकाया जा रहा है। इसी वजह से उन्होंने औचक निरीक्षण किया और कर्मचारियों से स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही लाने के लिए नगर निगम में नियमित निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
