हिसार जिले के हांसी में पुलिस ने मोटर और बिजली का सामान चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। नारनौंद पुलिस ने मुख्य आरोपी अजय को गिरफ्तार किया है, जिसने तीन गांवों में कई चोरियों की वारदातें कबूल की हैं। पुलिस ने आरोपी को एक दिन के रिमांड पर भेज दिया है।
हिसार जिले के हांसी में पुलिस ने तीन गांवों में मोटर और बिजली का सामान चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। नारनौंद पुलिस ने इस मामले में गिरोह के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान नारनौंद निवासी अजय के रूप में हुई है।
थाना नारनौंद में तैनात एएसआई जसवीर ने बताया कि पूछताछ में आरोपी अजय ने अपने साथियों के साथ मिलकर कई चोरियों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
गांव-गांव जाकर की चोरी की वारदातें
4 सितंबर की रात को गिरोह ने गांव पेटवाड़ के करीब 17-18 खेतों से सोलर तार, बिजली की तार और 3 सबमर्सिबल मोटरें चुराई थीं।
उसी रात उन्होंने गांव राखी खास के खेतों से मोटर का स्टार्टर, केबल और पाइप भी चोरी किए थे।
इसके बाद 11 अक्टूबर की रात को आरोपियों ने गांव बुढाना के खेतों से तांबे की तार और स्टार्टर चोरी किए। वहीं, 14 अक्टूबर की रात को गांव गुराणा से एक मोटर और तार चुरा लिए गए थे।

एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया आरोपी
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए लगातार जांच जारी रखी। तकनीकी निगरानी और गोपनीय सूचना के आधार पर आरोपी अजय को गिरफ्तार किया गया।
सोमवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
रिमांड के दौरान चोरी किए गए सामान की बरामदगी और अन्य वारदातों में आरोपी की संलिप्तता की जांच की जाएगी।
गांवों में बढ़ाई गई गश्त
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में लगातार चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए थाना स्तर पर विशेष टीमें गठित की गई हैं।
साथ ही, गांवों में रात के समय गश्त बढ़ाई गई है ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
