हिसार में जिला नगर योजनाकार (DTP) विभाग ने कैमरी रोड पर स्थित अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। भासी कॉम्प्लेक्स, श्री लक्ष्मी नगर और मिलन मार्केट में अवैध निर्माणों पर पीला पंजा चलाया गया। डीटीपी दिनेश सिंह ने लोगों से अपील की कि वे अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें।
हिसार में जिला नगर योजनाकार विभाग (DTP) की टीम ने कैमरी रोड पर स्थित कई अवैध कॉलोनियों के खिलाफ शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने अवैध निर्माणों पर पीला पंजा चलाया और कॉलोनियों के सड़क नेटवर्क, बाउंड्री वॉल और डीपीसी (DPC) को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान भासी कॉम्प्लेक्स, श्री लक्ष्मी नगर और मिलन मार्केट जैसी कॉलोनियों को निशाना बनाया गया। विभाग ने इन कॉलोनियों में बनाए गए इंटरलॉकिंग और कच्चे सड़क नेटवर्क को भी तोड़ दिया।
यह कार्रवाई डीटीपी हिसार दिनेश सिंह के नेतृत्व में की गई। उनके साथ ड्यूटी मजिस्ट्रेट मक्खन सिंह (एसडीओ, सिंचाई विभाग) और फील्ड इन्वेस्टिगेटर दीपक मौजूद थे। अभियान में हरियाणा स्टेट इन्फोर्समेंट ब्यूरो हिसार और थाना आजाद नगर पुलिस की टीम ने सहयोग किया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल मौके पर तैनात था।
DTP ने दी चेतावनी: अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई अवैध कॉलोनियों के अनियंत्रित विस्तार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई है।
डीटीपी दिनेश सिंह ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अवैध कॉलोनी में प्लॉट न खरीदें और न ही कोई निर्माण कार्य करें।
उन्होंने कहा कि ऐसा करने पर भविष्य में कानूनी कार्रवाई से बचा नहीं जा सकेगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माणों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि शहर के नियोजित विकास को बनाए रखा जा सके।

