हरियाणा के हिसार जिले के गांव लुदास में साइबर ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां दो युवकों ने नागरिक सेवा केंद्र (CSC सेंटर) संचालक को फर्जी ऑनलाइन ट्रांजेक्शन का स्क्रीनशॉट दिखाकर एक लाख रुपए की ठगी कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव लुदास निवासी मुरारी, जो अपना CSC सेंटर चलाते हैं, ने बताया कि दो युवक कार में सवार होकर उनके सेंटर पर आए थे। उन्होंने बताया कि उनके बैंक खाते में पैसे हैं, लेकिन बैंक बंद होने के कारण वे नकदी नहीं निकाल पा रहे। युवकों ने कहा कि एटीएम से इतनी बड़ी राशि एक दिन में नहीं निकाली जा सकती, इसलिए वे ऑनलाइन ट्रांसफर कर देंगे।
मुरारी ने उन पर भरोसा करते हुए एक लाख रुपए नकद दे दिए। इसके बाद युवकों ने अपने मोबाइल से Google Pay/PhonePe का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाया, जिसमें पैसे ट्रांसफर होने का दावा किया गया था।

CSC सेंटर पर उस समय काम ज्यादा होने के कारण मुरारी ने स्क्रीनशॉट को असली मान लिया। बाद में जब उन्होंने अपना बैंक खाता चेक किया तो पाया कि पैसे ट्रांसफर नहीं हुए थे। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस को शिकायत दी।
जांच अधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान के बाद जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
