हिसार के हांसी उपमंडल के गांव भाटला में दो बाइक सवार बदमाशों ने एक रिटायर्ड टीचर से एक लाख रुपए लूट लिए। घटना के बाद आरोपी हांसी की दिशा में फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
हिसार के हांसी शहर के नजदीकी गांव भाटला में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे एक रिटायर्ड टीचर से एक लाख रुपए की नकदी लूट ली गई।
गांव चैनत निवासी 70 वर्षीय राजपाल भाटला स्थित एसबीआई बैंक से पैसे निकालकर लौट रहे थे, तभी यह वारदात हुई।

राजपाल ने बैंक से 4 लाख रुपए निकाले थे, जिनमें से 3 लाख रुपए उन्होंने पास की को-ऑपरेटिव बैंक शाखा में जमा करवा दिए। शेष 1 लाख रुपए और बैंक पासबुक से भरा बैग लेकर जब वे भाटला बस स्टैंड की ओर जा रहे थे, तभी दो बाइक सवार युवकों ने उनका बैग झपट लिया और हांसी की दिशा में फरार हो गए।
राजपाल ने बताया कि बदमाशों में से एक युवक पहले से बाइक पर बैठा था, जबकि दूसरा बैग छीनने के बाद तुरंत पीछे बैठ गया। उन्होंने कहा कि युवक ने चेहरा नहीं ढका हुआ था और वारदात इतनी तेजी से हुई कि कोई कुछ समझ नहीं पाया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112, सीआईए टीम, भाटला चौकी इंचार्ज धोलू राम और सदर थाना प्रभारी सुमेर सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सुमेर सिंह ने बताया कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
