हरियाणा में जल्द ही मेडिकल एयर लिफ्ट सेवा शुरू हो सकती है। इस सेवा के लिए स्यांदान एविएशन प्राइवेट लिमिटेड ने राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा है। कंपनी ने इच्छा जताई है कि वह हरियाणा के नागरिकों को आपातकालीन स्थिति में एयरलिफ्ट कर नजदीकी अस्पताल तक पहुंचाना चाहती है। कंपनी इसे सोशल सर्विस के रूप में शुरू करना चाहती है।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा सरकार ने अब कंपनी से संपर्क कर अगले 10 दिनों के भीतर बैठक करने का निर्णय लिया है। अगर यह बातचीत सफल रहती है, तो प्रदेश में जल्द ही यह सेवा शुरू हो सकती है। स्यांदान एविएशन ने सरकार को एक डेमो प्रस्तुति भी दी है और छह हेलीपैड बनाने का प्रस्ताव रखा है। इनमें हिसार और गुरुग्राम प्रमुख स्थान होंगे, जहां से पूरे राज्य को कवर किया जा सकेगा।
कंपनी के CEO अभिनव सहाय ने बताया कि दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में हुई बैठक में उन्होंने यह प्रस्ताव पेश किया था। उन्होंने कहा कि इस सेवा को शुरू करने के लिए सरकार की मदद जरूरी है, क्योंकि देश के कई राज्यों में ऐसी सेवाएं घाटे में चल रही हैं। कंपनी चाहती है कि सरकार एम्बुलेंस उपलब्ध कराए, जो मरीज को सीधे हेलीपैड तक पहुंचाए, जहां से हेली एम्बुलेंस उसे अस्पताल तक ले जाए।

स्यांदान एविएशन का प्रस्ताव है कि छह-सीटर हेलिकॉप्टर में एक पायलट, एक डॉक्टर और एक पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहेगा।
दिल्ली में हुई बैठक में हरियाणा सिविल एविएशन विभाग की आयुक्त अमनीत पी. कुमार की अध्यक्षता में कई कंपनियों ने अपने प्रस्ताव रखे। इनमें हवाई अड्डों के विकास, MRO विस्तार, और हेलिकॉप्टर सेवाओं पर भी चर्चा हुई।
फिलहाल उत्तराखंड और मध्यप्रदेश जैसे राज्य पहले से ही हेली एम्बुलेंस सेवाएं चला रहे हैं। उत्तराखंड में यह सेवा AIIMS ऋषिकेश के सहयोग से शुरू की गई थी, जबकि मध्य प्रदेश सरकार की पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सभी नागरिकों के लिए मुफ्त है।
