हरियाणा दिवस पर पंचकूला के यवनिका ओपन एयर थिएटर में कॉलेजों और यूनिवर्सिटियों के छात्र हरियाणवी लोक संस्कृति पर आधारित गीत, रागनी और नृत्य प्रस्तुत करेंगे। विजेता प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री नायब सैनी 3 नवंबर को सम्मानित करेंगे।
हरियाणा दिवस के अवसर पर पंचकूला में राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पंचकूला के ओपन एयर थिएटर में कॉलेजों और यूनिवर्सिटियों के छात्र हरियाणवी लोक गीत, रागनी और नृत्य प्रस्तुत करेंगे।
इस संबंध में उच्च शिक्षा निदेशालय (Higher Education Directorate) ने सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को पत्र जारी किया है। कार्यक्रम में विजेता प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री नायब सैनी 3 नवंबर को सम्मानित करेंगे।
1 नवंबर को फोक सांग और रागनी प्रतियोगिता
हॉयर एजुकेशन डायरेक्टर के अनुसार, 1 नवंबर को पंचकूला सेक्टर-5 स्थित यवनिका ओपन एयर थिएटर में एकल फोक सांग और रागनी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
- प्रत्येक कॉलेज से एक प्रतिभागी को भाग लेने की अनुमति होगी।
- प्रतिभागी को 4 से 6 मिनट में अपनी प्रस्तुति पूरी करनी होगी।
- रागनी में किसी भी प्रकार के द्विअर्थी या अश्लील शब्दों का प्रयोग सख्त वर्जित रहेगा।

2 नवंबर को सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता
कार्यक्रम के दूसरे दिन यानी 2 नवंबर को सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
- यूनिवर्सिटी स्तर पर केवल एक टीम भाग ले सकेगी।
- टीम में अधिकतम 10 प्रतिभागी शामिल हो सकते हैं।
- प्रतियोगिता के दौरान रिकॉर्डेड सीडी का प्रयोग नहीं किया जा सकेगा।
- स्टेज सेटअप के लिए 10 मिनट और प्रस्तुति के लिए 6 से 8 मिनट का समय मिलेगा।
- नृत्य केवल हरियाणवी लोक संस्कृति पर आधारित होना चाहिए।
हरियाणवी संस्कृति को बढ़ावा देने का उद्देश्य
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में हरियाणवी लोक संस्कृति, संगीत और नृत्य के प्रति रुचि बढ़ाना है। उच्च शिक्षा विभाग का कहना है कि ऐसे कार्यक्रम न केवल छात्रों की प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को सशक्त भी बनाते हैं।
