हिसार के हांसी में शनिवार रात फव्वारा चौक के पास कार और बाइक की जोरदार टक्कर में नेशनल कबड्डी खिलाड़ी दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद सदर थाना प्रभारी सुमेर सिंह ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
हिसार के हांसी शहर में शनिवार रात फव्वारा चौक के पास एक कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में नेशनल कबड्डी खिलाड़ी दिनेश, निवासी शिकारपुर (हिसार), गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दिनेश अपने साथी के साथ बाइक पर सवार होकर हांसी बस स्टैंड की ओर जा रहा था। जैसे ही वह फव्वारा चौक और बीएसएनएल एक्सचेंज के पास स्थित एक दुकान के सामने पहुंचा, तभी एक कार मॉडल टाउन की तरफ मुड़ने लगी। कार से बचने का मौका न मिल पाने के कारण बाइक सीधा कार से टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दिनेश और उसका साथी सड़क पर गिर पड़े। हादसे में दिनेश के पैर में गंभीर चोटें आईं, जबकि साथी को भी हल्की चोटें आईं।
थाना प्रभारी ने निभाया मानवता का फर्ज
संयोग से उसी समय सदर थाना प्रभारी सुमेर सिंह अपने वाहन से दिल्ली की ओर जा रहे थे। हादसा देखते ही उन्होंने गाड़ी रोकी और तुरंत घायल खिलाड़ी की मदद में जुट गए।
उन्होंने घायल को हिम्मत दी और 112 नंबर पर सूचना देकर एम्बुलेंस बुलवाई। कुछ ही देर में एम्बुलेंस पहुंची, जिसमें थाना प्रभारी की मौजूदगी में दिनेश को निजी अस्पताल ले जाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि थाना प्रभारी सुमेर सिंह ने मौके पर जिस तरह संवेदनशीलता और तत्परता दिखाई, वह मानवता की सच्ची मिसाल है। घायल खिलाड़ी दिनेश को हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
