हरियाणा के हांसी में गीता चौक के पास एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। बाइक पहले कार से टकराई और फिर ट्रक के नीचे जा फंसी। पुलिस ने शव को निकालकर जांच शुरू कर दी है।
हिसार के हांसी शहर में सोमवार सुबह गीता चौक के पास नेशनल हाईवे पर एक भयंकर सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में एक बाइक सवार की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार पहले एक कार से टकराया, जिसके बाद वह पास से गुजर रहे ट्रक के नीचे जा फंसा। ट्रक भारी लोड से भरा हुआ था, जिससे वह व्यक्ति को कई मीटर तक घसीटता चला गया। हादसा इतना भयानक था कि बाइक सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही शहर थाना प्रभारी सुखजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही फायर ब्रिगेड और डायल 112 की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद ट्रक के नीचे से शव को बाहर निकाला और उसे हांसी के सामान्य अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया।
मृतक की पहचान जारी
थाना प्रभारी सुखजीत सिंह ने बताया कि मृतक की अभी पहचान नहीं हो पाई है। उसके शरीर और कपड़ों से यह अनुमान लगाया जा रहा है कि उसकी उम्र लगभग 35 वर्ष होगी। पुलिस बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
हादसे के बाद दोनों ड्राइवर फरार
दुर्घटना के बाद कार चालक और ट्रक ड्राइवर दोनों मौके से फरार हो गए। ट्रक को पुलिस ने मौके से कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि ट्रक दिल्ली से हिसार की ओर जा रहा था, जबकि बाइक सवार भी उसी दिशा में था। हादसे के कारण हिसार-हांसी हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे खोलने में पुलिस कर्मियों को कड़ी मेहनत करनी पड़ी।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए हादसे के कारणों की पुष्टि की जा रही है।

