हिसार जिले के हांसी में स्थित रामायण टोल प्लाजा के पास बने KFC रेस्टोरेंट को उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। शुक्रवार सुबह पुलिस मुख्यालय में एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर दावा किया कि हांसी के एक KFC रेस्टोरेंट को बम से उड़ाया जाएगा। कॉल की गंभीरता को देखते हुए हांसी पुलिस और साइबर सेल तुरंत एक्टिव हो गई।
कॉलर की लोकेशन सोनीपत, आईडी बरवाला की
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धमकी भरे कॉल की लोकेशन सोनीपत के आसपास की है, जबकि जिस मोबाइल आईडी पर नंबर रजिस्टर्ड है वह बरवाला क्षेत्र से संबंधित है। इससे पुलिस को शक है कि कॉल या तो फर्जी हो सकता है या फिर किसी और स्थान से किया गया है ताकि लोकेशन भ्रमित की जा सके।
हांसी SP अमित यशवर्धन ने बताया कि कॉल की सत्यता की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह भी संभव है कि कोई शरारती तत्व फर्जी धमकी देकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहा हो, लेकिन पुलिस किसी भी खतरे को हल्के में नहीं ले रही।
KFC मैनेजर को पुलिस ने किया संपर्क
KFC हांसी के मैनेजर अशोक ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उनसे पूछा कि क्या किसी तरह का धमकी भरा कॉल उन्हें मिला है। इस पर मैनेजर ने साफ कहा कि रेस्टोरेंट में ऐसा कोई कॉल प्राप्त नहीं हुआ। पुलिस ने मैनेजर को पूरी स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि यह कॉल फेक भी हो सकता है, लेकिन जांच पूरी होने तक सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
हिसार कैंट से सिर्फ 7 किलोमीटर दूरी

रामायण टोल प्लाजा के पास बना KFC रेस्टोरेंट एक महत्वपूर्ण लोकेशन पर स्थित है, क्योंकि यहां से हिसार कैंट की दूरी सिर्फ 7.5 किलोमीटर है। वीकेंड और छुट्टियों के दौरान यह इलाका काफी भीड़भाड़ वाला रहता है। KFC में फिलहाल 6 कर्मचारी कार्यरत हैं, जबकि मैनेजर सफीदों (जींद) के रहने वाले हैं।
पुलिस का मानना है कि ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में धमकी मिलना गंभीर विषय है, इसलिए आसपास के सभी सुरक्षा प्वाइंट्स को अलर्ट कर दिया गया है।
सुरक्षा बढ़ाई गई, साइबर सेल एक्टिव
धमकी का कॉल मिलते ही हांसी और हिसार पुलिस की टीमों को सतर्क कर दिया गया। महत्वपूर्ण स्थानों पर पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है। साइबर सेल को कॉल की तकनीकी जांच का जिम्मा सौंपा गया है। विशेषज्ञ टीम कॉल के आईपी, सर्वर रूट, दोबारा किए गए कनेक्शन और टावर लोकेशन की बारीकी से जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कॉलर की जल्द पहचान कर ली जाएगी।
पुलिस ने अफवाहों से बचने की अपील की
हांसी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और न ही सोशल मीडिया पर अपुष्ट जानकारी फैलाएं। यदि किसी को कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
पुलिस ने कहा कि प्रदेश में KFC की कई शाखाएं हैं और इसकी भी जांच की जा रही है कि धमकी किसी दूसरी शाखा के लिए तो नहीं थी। हालांकि सुरक्षा के लिहाज से सभी संभावित स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
