गुरुग्राम नगर निगम की स्ट्रीट वेंडिंग मैनेजमेंट टीम ने सोमवार को शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और सड़कों, फुटपाथों तथा सार्वजनिक स्थानों पर सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया। इस दौरान महावीर चौक, अग्रसेन चौक, गुरुग्राम बस स्टैंड और महरौली रोड सहित कई प्रमुख स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया।
अभियान के तहत फुटपाथों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर लगे रेहड़ी-पटरी, खोखे, ढाबे, टपरी नुमा और शेड नुमा अस्थायी ढांचे मौके पर ही हटाए गए। टीम ने अवैध रूप से लगाई गई दुकानों का सामान जब्त कर निगम स्टोर में जमा कराया। कई स्थानों से वर्षों पुराने अस्थायी ठेले और स्टॉल भी हटाए गए, जिससे सड़कों की चौड़ाई बहाल हुई और यातायात सुचारु हो सका।

पैदल चलने वालों की सुरक्षा पर असर
नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि अतिक्रमण से न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि पैदल चलने वालों की सुरक्षा को भी खतरा होता है। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम लगातार अभियान चला रहा है और यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा, ठेले, खोखे या निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दोबारा अतिक्रमण करने पर कड़ी कार्रवाई
दहिया ने सभी से अपील की कि निगम की अतिक्रमण मुक्त गुरुग्राम मुहिम में सहयोग करें और सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अस्थायी ढांचा न खड़ा करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति दोबारा अतिक्रमण करता पाया गया, तो उसके खिलाफ चालान और अन्य कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने सराहा प्रयास
नगर निगम की इस कार्रवाई से स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने राहत महसूस की और कई लोगों ने टीम की तत्परता की सराहना की। निगम अधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में भी विभिन्न बाजारों, मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान जारी रहेगा।
इस पहल का उद्देश्य शहर में व्यवस्थित आवागमन, पैदल चलने वालों की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करना है। नगर निगम ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे ऐसे अभियानों में सहयोग करें और शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने में योगदान दें।
