गुरुग्राम पुलिस ने वांटेड गैंगस्टर सुनील सरधानिया को गिरफ्तार कर 24 केसों का खुलासा किया है। वह फर्जी पासपोर्ट पर विदेश भाग गया था और फाजिलपुरिया फायरिंग व रोहित शौकीन मर्डर केस का मुख्य आरोपी है।
गुरुग्राम में हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग और दिल्ली के फाइनेंसर रोहित शौकीन मर्डर केस में वांटेड गैंगस्टर सुनील सरधानिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने 24 आपराधिक केस सुलझाने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, हत्या के एक मामले में जमानत मिलने के बाद सुनील सरधानिया फर्जी पासपोर्ट बनवाकर साल 2024 में दुबई होते हुए कोस्टा रिका चला गया था। वहीं से वह अपने गैंग के जरिए हरियाणा और दिल्ली में आपराधिक वारदातें करवाता था।

अमेरिका से डिपोर्ट किए गए 54 लोगों में सरधानिया भी शामिल था। उसे दिल्ली एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन क्लियरेंस के बाद गुरुग्राम क्राइम ब्रांच ने हिरासत में लिया।
फाजिलपुरिया पर करवाई थी फायरिंग
14 जुलाई 2025 को हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग की गई थी। सिंगर जब एसपीआर रोड की तरफ जा रहे थे, तभी उनके वाहन पर गोली चलाई गई। पुलिस ने मौके से गोलियों के निशान और सिक्के बरामद किए थे।
इस केस में पुलिस अब तक विशाल, हितेश, गौतम उर्फ छोटू, रमनदीप उर्फ पेट्रोल, शुभम उर्फ काला, शक्ति पांचाल और रामनिवास उर्फ कालू को गिरफ्तार कर चुकी है।
24 केसों में वांटेड
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सुनील सरधानिया पर हरियाणा और उत्तर प्रदेश में हत्या, लूट, डकैती और हत्या के प्रयास जैसे 24 संगीन केस दर्ज हैं। वह दो मामलों में आजीवन कारावास और 10 साल की सजा काट रहा था।
भिवानी केस में हाई कोर्ट से जमानत पर आने के बाद वह विदेश भाग गया था।
पांच दिन का पुलिस रिमांड
क्राइम ब्रांच इंचार्ज आनंद कुमार ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर 5 दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांड अवधि के दौरान उसके साथियों और अन्य वारदातों की गहन पूछताछ की जाएगी।
