लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए ब्लास्ट में 9 लोगों की मौत के बाद राजधानी में हाई अलर्ट जारी किया गया है। जांच में पता चला कि ब्लास्ट में प्रयुक्त I-20 कार (HR 26-CE 7674) हरियाणा के गुरुग्राम RTO में मोहम्मद सलमान के नाम पर रजिस्टर्ड थी।
पुलिस ने रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट के पते के आधार पर शांति नगर में सलमान को ढूंढा। मकान मालिक ने बताया कि सलमान पांच साल पहले इस घर से निकल गया था। इसके बाद सलमान सोहना की ग्लोबल हाइट्स सोसाइटी में रहने लगा। पुलिस ने वहां जाकर सलमान को पाया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने यह कार डेढ़ साल पहले किसी और को बेच दी थी।
सलमान ने पुलिस को बताया कि उन्होंने यह कार नदीम नाम के व्यक्ति से खरीदी थी और इसके बाद इसे ओखला के देवेंद्र को बेचा गया। देवेंद्र ने कार को कुछ समय पहले अंबाला के गैराज में बेचा था। पुलिस अब जांच कर रही है कि आखिरकार कार अब किसके पास है और ब्लास्ट में इसे किसने इस्तेमाल किया।

शांति नगर के मकान मालिक दिनेश ने बताया कि सलमान 2016 से 2021 तक उनके किराए के कमरे में रहता था। इसी दौरान उसने सेकेंड हैंड I-20 कार खरीदी थी। उसके बाद वह सोहना की ग्लोबल हाइट्स सोसाइटी में शिफ्ट हो गया। सलमान अपनी पत्नी और तीन बेटियों के साथ रहता है और एक ग्लास कंपनी में काम करता है।
पुलिस ने सलमान को फिलहाल हिरासत में ले लिया है और उसकी कार की पूरी खरीद-फरोख्त की जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियां दिल्ली-NCR में सतर्क हैं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
राजधानी में ब्लास्ट के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि जांच के तहत सभी कार रजिस्ट्रेशन, मालिकाना हक और संभावित संदिग्धों की पहचान की जा रही है। डीटेल में पूछताछ और डिजिटल ट्रैकिंग के जरिए अब यह पता लगाया जाएगा कि ब्लास्ट के लिए कार किसने इस्तेमाल की और इसके पीछे कौन लोग शामिल थे।
