महेंद्रगढ़, हरियाणा: हरियाणा के पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की ‘सद्भाव यात्रा’ शनिवार को महेंद्रगढ़ हलके में पहुंची। यात्रा के दौरान जिला कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता अनुपस्थित रहे। महेंद्रगढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी रहे राव दान सिंह, अटेली से अनीता यादव और नांगल चौधरी से पार्टी की विधायक मंजू चौधरी सहित कई प्रमुख नेता कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। केवल जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतबीर सिंह झुकिया और महिला जिला अध्यक्ष ही यात्रा में मौजूद रहीं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भी नहीं हुए शामिल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह इस यात्रा में शामिल नहीं हुए, जबकि यह उनके गृह जिले में आयोजित थी। उन्होंने पहले ही स्पष्ट किया था कि कांग्रेस संगठन की ओर से कोई ‘सद्भाव यात्रा’ शुरू नहीं की गई है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए काम करता है, तो यह स्वागत योग्य है।
राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल से शुरू हुई यात्रा
‘सद्भाव यात्रा’ की शुरुआत राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल से हुई। यह यात्रा मोहल्ला सैनीपुरा, 11 हटा बाजार, परशुराम चौक, सब्जी मंडी रोड, गांधी मार्केट, बालाजी चौक, विश्वकर्मा चौक, आईटीआई रोड और सतनाली चौक से होते हुए यादव धर्मशाला में संपन्न हुई।
पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने कहा कि उनके लिए कांग्रेस के कार्यकर्ता ही सबसे बड़े नेता हैं। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक दृष्टि से जिला अध्यक्ष से ऊपर कोई नहीं होता और वे उनके साथ हैं। उन्होंने बताया कि यह छह महीने की यात्रा है, जो 5 अक्टूबर को शुरू हुई थी और महेंद्रगढ़ उनका 17वां हल्का है। यात्रा कल चरखी दादरी और भिवानी जिलों में प्रवेश करेगी।

बिहार चुनाव पर बोले बृजेंद्र सिंह
बृजेंद्र सिंह ने बिहार चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि महिलाओं के खातों में चुनाव से पहले 10-10 हजार रुपए डालना चुनाव आयोग की अवहेलना और प्रत्यक्ष रिश्वत है। उन्होंने कहा कि यदि लोकतंत्र में इस तरह की प्रवृत्ति जारी रही तो चुनाव लड़ना कठिन हो जाएगा।
पूर्व मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस नहीं, बल्कि सिस्टम हार रहा है। उन्होंने भाजपा पर लोकतंत्र की मूल भावना को कमजोर करने का आरोप लगाया। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि बिहार में मतदाता बिक गए और भाजपा खरीदारों की पार्टी बन गई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को चुनाव से पहले पैसे देकर वोट खरीदना लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है।
धीरे-धीरे जुड़ेंगे सभी नेता
वरिष्ठ नेताओं की अनुपस्थिति पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में बृजेंद्र सिंह ने कहा कि यह छह महीने की यात्रा है, और जैसे-जैसे यह आगे बढ़ेगी, सभी नेता इससे जुड़ते जाएंगे। उन्होंने कहा, “औरतें भी नौ महीने में बच्चे पैदा करती हैं, जब समय आएगा तो बाकी नेता भी हमारे साथ होंगे।”
इस यात्रा के माध्यम से बृजेंद्र सिंह का उद्देश्य जनता से सीधे जुड़कर उनकी समस्याओं को सुनना और संगठनात्मक मजबूती प्रदान करना बताया जा रहा है।
