भिवानी में हरियाणा दिवस के अवसर पर पंचायत भवन में जिला स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन किया गया। विधायक घनश्याम सर्राफ और कपूर सिंह वाल्मीकि ने कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम में छात्राओं, खिलाड़ियों और साहित्यकारों को सम्मानित किया गया।
हरियाणा दिवस के अवसर पर शनिवार को भिवानी के पंचायत भवन में जिला प्रशासन द्वारा जिला स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ मुख्य अतिथि और बवानीखेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। डीसी साहिल गुप्ता ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की, जबकि जिला परिषद के सीईओ अजय चोपड़ा और सीटीएम अनिल कुमार भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। प्रसिद्ध लोकगायक बाली शर्मा, अनुज शर्मा और जनसंपर्क विभाग की भजन मंडली ने हरियाणवी संस्कृति पर आधारित लोकगीत प्रस्तुत किए।
विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू कर रही है, जिनसे महिलाओं और किसानों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि “लाडो लक्ष्मी योजना” के तहत पात्र महिलाओं को ₹2100 की राशि सीधे खाते में दी जा रही है।

विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने कहा कि हरियाणा की संस्कृति और परंपरा समृद्ध है। हरियाणवी देशभर में अपनी अलग पहचान रखते हैं और जब भी देश को बलिदान की आवश्यकता होती है, हरियाणवी सपूत आगे रहते हैं।
इस अवसर पर आईएएस चयनित स्वाति अग्रवाल और 12वीं की छात्रा-लेखिका कीर्ति श्योराण को सम्मानित किया गया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाले प्रभात, आस्था, रिया, कोमल, मन्नू देव और अरमान को भी पुरस्कृत किया गया।
स्कूल की छात्राओं ने मां सरस्वती वंदना और हरियाणवी संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
