रोहतक में ASI संदीप लाठर सुसाइड केस की जांच को लेकर परिवार ने नाराजगी जताई है। परिजनों का कहना है कि पुलिस सिर्फ गोली का सिक्का खोजने में लगी है, जबकि जांच में कोई प्रगति नहीं हुई। अब परिवार मनोहर लाल खट्टर से मिलने की तैयारी कर रहा है।
रोहतक में ASI संदीप लाठर सुसाइड केस में अभी तक की जांच से परिजन संतुष्ट नहीं हैं। दिवंगत ASI के ममेरे भाई संजय देशवाल ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पिछले 15 दिनों से पुलिस रोजाना खेत में गोली का सिक्का (खोल) ढूंढने जाती है, लेकिन जांच में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है।
उन्होंने बताया कि हर रोज पुलिस फोन कर परिजनों को बुला लेती है और खेत में मौजूद नौकरों से पूछताछ करती है, लेकिन जांच आगे नहीं बढ़ रही।
बुधवार को परिवार रोहतक के SP सुरेंद्र सिंह भोरिया और SIT चीफ DSP दिलीप सिंह से मुलाकात करेगा।

सुसाइड की घटना
14 अक्टूबर को ASI संदीप लाठर ने लाढ़ौत गांव से धामड़ रोड स्थित खेतों में बने कोठड़े में खुद को गोली मार ली थी। गोली सिर के आरपार होकर पेड़ में लगी, लेकिन अभी तक गोली का खोल बरामद नहीं हुआ है। पुलिस डॉग स्क्वाड और मेटल डिटेक्टर से भी जांच कर चुकी है।
परिजनों की नाराजगी के कारण
- जांच में ढिलाई:
FIR में जिन लोगों के नाम हैं, उनसे पूछताछ तक नहीं की गई। - खेत में रोजाना परेशान किया जा रहा:
पुलिस रोज खेत का चक्कर लगाकर नौकरों से पूछताछ कर रही है, जिससे परिवार व किसान परेशान हैं। - FIR की बातों पर शंका:
सुसाइड नोट और वीडियो के आधार पर FIR दर्ज होनी चाहिए थी, लेकिन FIR में कई बातें मेल नहीं खा रहीं। - SIT से नहीं मिल रही जानकारी:
SIT ने अब तक जांच की प्रगति की कोई जानकारी परिवार को नहीं दी।
मनोहर लाल खट्टर से मिलने की तैयारी
परिजन जल्द ही केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात करेंगे। परिवार का कहना है कि 16 अक्टूबर को पोस्टमॉर्टम के दौरान खट्टर से जो बातचीत हुई थी, उसी को लेकर चर्चा की जाएगी।
उस समय खट्टर ने परिवार को आश्वासन दिया था कि मृतक की पत्नी को नौकरी और बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च सरकार वहन करेगी।
