हरियाणा के रोहतक जिले में ASI संदीप लाठर सुसाइड केस में अब खाप पंचायतों की एंट्री हो गई है। लाठर के पैतृक गांव जींद के जुलाना में रविवार (2 नवंबर) को एक बड़ी पंचायत रखी जाएगी। इस पंचायत की अध्यक्षता लाठर खाप करेगी, जिसमें रोहतक की छह प्रमुख खापों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
पंचायत में अब तक हुई जांच, भविष्य की रणनीति और सरकार-प्रशासन पर दबाव बनाने के लिए कमेटी गठित करने पर निर्णय लिया जा सकता है। संभावना जताई जा रही है कि यह कमेटी IPS वाई पूरन कुमार सुसाइड केस की तरह 31 सदस्यीय निगरानी कमेटी के रूप में काम कर सकती है।
संदीप लाठर के परिजन अब तक की जांच से संतुष्ट नहीं थे। शुक्रवार को उन्होंने रोहतक एसपी सुरेंद्र भोरिया से मुलाकात की थी। एसपी ने भरोसा दिलाया कि एफआईआर में नामजद IAS अमनीत पी कुमार से पूछताछ के लिए सरकार से अनुमति मांगी गई है, जिसके बाद परिवार कुछ हद तक संतुष्ट हुआ।
इस केस का कनेक्शन IPS वाई पूरन कुमार सुसाइड केस से भी जुड़ता है। पूरन कुमार ने 7 अक्टूबर को आत्महत्या से पहले 8 पेज का सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें कई अफसरों के नाम दर्ज थे। 14 अक्टूबर को ASI संदीप लाठर ने भी खुद को गोली मार ली थी और वीडियो में पूरन कुमार को “भ्रष्ट अफसर” बताया था।

15 अक्टूबर को IAS अमनीत पी कुमार, उनके भाई विधायक अमित रत्न व अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। अब 2 नवंबर की पंचायत में मामले की आगे की रणनीति तय होगी।
ASI लाठर के मामा के लड़के संजय देशवाल ने बताया कि वे जल्द ही केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात करेंगे। खट्टर पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि लाठर के बच्चों की पढ़ाई, पत्नी की नौकरी और सभी लाभ सरकार की ओर से दिए जाएंगे।
इस बीच, SIT ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगालने शुरू कर दिए हैं, लेकिन टीम के सदस्य जांच के बारे में किसी भी जानकारी से परहेज कर रहे हैं।
