हिसार में भारतीय वायुसेना के अधिकारी प्रदीप नैन के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने टेलीग्राम पर रेस्टोरेंट रिव्यू टास्क के नाम पर अधिकारी से 2.82 लाख रुपए हड़प लिए। अधिकारी ने 51,500 रुपए के लाभ के लालच में यह रकम निवेश कर दी।
प्रदीप नैन, जो कि अग्रोहा निवासी हैं, ने साइबर थाना पुलिस में शिकायत दी है। शिकायत के मुताबिक वह 2 माह के अर्जित अवकाश पर हैं और फोन पर टेलीग्राम चला रहे थे। इसी दौरान उनकी आईडी पर ‘रश्मिका शर्मा’ नाम की टेलीग्राम यूजर का मैसेज आया। उसने टेलीग्राम पर रेस्टोरेंट रिव्यू टास्क पूरे करने पर 50 रुपए प्रति टास्क देने का ऑफर दिया।
प्रदीप ने जब हामी भरी, तो रश्मिका शर्मा ने उनकी आईडी जनरेट कर दी। पहले पांच टास्क पूरे करने पर उन्हें कुछ रकम मिलने लगी, जिससे उनका विश्वास बढ़ गया। इसके बाद ठगों ने उन्हें और बड़े टास्क दिए।

प्रदीप नैन के अनुसार,
“मैंने अलग-अलग तारीखों में कुल 12 बार यूपीआई आईडी के जरिए पैसे ट्रांसफर किए, कभी 5 हजार, कभी 15 हजार तो कभी 50 हजार रुपए तक। कुल मिलाकर मैंने 2,82,282 रुपए लगा दिए।”
उन्होंने बताया कि जब उन्होंने पैसे निकालने की कोशिश की तो उनकी टेलीग्राम आईडी पर 3,33,782 रुपए दिखाए गए, लेकिन राशि बैंक खाते में ट्रांसफर नहीं हुई। जब उन्होंने ‘महेश थापा’ नाम के दूसरे टेलीग्राम अकाउंट से बात की, तो उसने कहा कि “आपकी शिकायत सॉल्व हो गई है, एक-दो दिन में पैसे आ जाएंगे।”
कई दिन बीत जाने के बाद भी पैसे नहीं आए तो अधिकारी को फ्रॉड का एहसास हुआ। उन्होंने तुरंत साइबर थाना पुलिस में शिकायत दी।
पुलिस ने मामले में BNS की धारा 318(4) और 61 के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
