पानीपत जिले के समालखा के भोड़वाल माजरी गांव में 31 अक्टूबर से 3 नवंबर तक आयोजित होने वाले 78वें संत निरंकारी समागम की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। बुधवार को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) करनाल रेंज डॉ. एम. रवि किरण ने समागम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ एसपी भूपेंद्र सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और निरंकारी संस्था के को-ऑर्डिनेटर भी मौजूद रहे।
एडीजीपी ने दिए सख्त निर्देश: भीड़ नियंत्रण पर रहेगा फोकस
डॉ. रवि किरण ने अधिकारियों के साथ बैठक कर कहा कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पुलिस अधिकारी और स्वयंसेवक आपस में बेहतर तालमेल बनाकर कार्य करें ताकि समागम शांतिपूर्वक संपन्न हो।
एडीजीपी ने विशेष रूप से भोड़वाल माजरी रेलवे स्टेशन और जीटी रोड फुट ओवरब्रिज पर भीड़ नियंत्रण के लिए सख्त आदेश दिए। उन्होंने कहा कि क्षमता से अधिक श्रद्धालुओं को एक साथ प्रवेश न दिया जाए।
चार ब्लॉकों में बंटा समागम स्थल, CCTV से चौकस निगरानी
एसपी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि समागम की सुरक्षा के लिए एक हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इनमें 13 डीएसपी और 32 इंस्पेक्टर सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगे।
सुरक्षा कर्मियों को वर्दी के साथ-साथ सिविल ड्रेस में भी तैनात किया गया है।
चार पुलिस जिप्सियों पर एलएमजी मशीन गन लगाई गई हैं। इसके अलावा 50 मचान और 26 मोर्चे तैयार किए गए हैं, जहां हथियारों और दूरबीन से लैस जवान 24 घंटे निगरानी करेंगे।
पांच पीसीआर वैन और नौ राइडर टीमें लगातार गश्त पर रहेंगी।
समागम स्थल को चार ब्लॉकों में विभाजित किया गया है और हर जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की निगरानी संयुक्त कंट्रोल रूम से की जाएगी, जिसे पुलिस और समागम कमेटी के सदस्य मिलकर संभालेंगे।
यातायात और पार्किंग की विशेष व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चार पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। वाहन चालकों को जीटी रोड पर निर्धारित पार्किंग स्टैंड पर ही वाहन खड़े करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि यातायात सुचारू रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान मौजूद अधिकारी
निरीक्षण के दौरान डीएसपी नरेंद्र सिंह, ट्रैफिक डीएसपी सुरेश कुमार सैनी, डीएसपी आत्माराम, निरंकारी संस्था के को-ऑर्डिनेटर जोगिंद्र सुखीजा और सुरक्षा इंचार्ज रिटायर्ड कर्नल हरविंद्र गुलेरिया सहित कई स्वयंसेवक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
